दिया भोजन, दुआ से भरा दामन

मेरठ। समाजसेवी संस्थाओं, राजनीतिक व व्यापारिक लोगों ने बस्तियों, हाईवे और आसपास इलाके में जाकर जरूरतमंदों के प्रति अपना सेवा कर्म जारी रखा। जरूरतमंदों को राशन और भोजन सामग्री का वितरण किया। जिसे पाकर निराश्रित और जरूरतमंद लोगों ने उनके लिए मंगलकामनाएं की।



पार्षद ने 150 लोगों को दिया राशन


वार्ड 60 के पार्षद नीरज सिंह की ओर से फूलबाग कॉलोनी में 150 जरूरतमंदों को राशन सामग्री वितरित की। सभासद ने बताया कि इस दौरान बचाव के लिए सभी नियमों का पालन किया गया। इलाके में कोई भूखा न रहे इसके लिए आगे भी हर संभव सहयोग किया जाएगा।


आपसी सहयोग से एक हजार लोगों को भोजन


भारतीय किसान आंदोलन, संयुक्त व्यापार संघ व हैंडलूम वस्त्र व्यापार संघ के संयुक्त सहयोग से पंचशील कॉलोनी में जरूरतमंद व निर्धन परिवारों को भोजन व अन्य खाद्य सामग्री मुहैया कराई जा रही है। शुक्रवार को भी लोगों को भोजन वितरित किया गया। किसान आंदोलन मंच के कुलदीप कुमार ने बताया सभी संस्थाओं के सहयोग से एक हजार लोगों तक खाद्य सामग्री पहुंचा रही है। जिसमें हैंडलूम वस्त्र व्यापार संघ के अध्यक्ष राजीव बसंल, संयुक्त व्यापार संघ के राजीव अरोड़ा आदि का योगदान रहा।


खाटू श्याम समिति ने बांटा भोजन


श्रीखाटू श्याम समिति ने तोपखाना में रहने वाले 150 लोगों को भोजन बांटा। समिति के अध्यक्ष अनिल गोयल ने बताया शनिवार को भी इसी इलाके में लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। जिससे भोजन के लिए उन्हें कहीं और भागदौड़ न करनी पड़े।


सपा नेता ने बांटा लोगों को भोजन


सपा नेता पवन गुर्जर की ओर से परतापुर, खत्ता रोड व कुंडा बस्ती में सात सौ लोगों को भोजन वितरित किया। लॉकडाउन के बाद से पवन व उनके सहयोगी निशांत, राहुल व वकील द्वारा अलग-अलग इलाके में भोजन वितरित किया जा रहा है। पवन ने बताया लॉकडाउन खत्म होने से तक लोगों को खाद्य सामग्री मुहैया कराई जाएगी।


युवाओं ने बांटा जरूरतमंदों को भोजन


भाजपा कार्यकर्ता कमत दत्तशर्मा की ओर से युवाओं ने परतापुर में रहने वाले 300 जरूरतमंदों को भोजन वितरित किया। जिसमें अंकित शर्मा, दीपक, रजत, सनी ने सहयोग किया।