कोविड-19 की पुष्टि होने के बाद दो दारोगा दो सिपाही और एक स्वीपर को दिल्ली रोड स्थित एक विवि में क्वारंटाइन किया

मेरठ। पथराव के एक आरोपित में कोविड-19 की पुष्टि होने के बाद दो दारोगा, दो सिपाही और एक स्वीपर को दिल्ली रोड स्थित एक विवि में क्वारंटाइन किया गया है। कोरोना जांच के लिए उनका सैंपल भी लिया जाएगा। इसकी जानकारी मिलते ही दो थानों में तैनात पुलिसकर्मी दहशत के साये में हैं। हालत यह है कि पुलिसकर्मी हवालात के पास जाने से भी परहेज कर रहे हैं। मंगलवार को पुन: दोनों थानों को सैनिटाइज कराया गया। इसके बावजूद कोई भी अफसर थाने में जानकारी लेने तक नहीं पहुंचा।



जली कोठी में पुलिस और प्रशासन की टीम पर पथराव करने वाले आरोपित में कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि होते ही पुलिस महकमे में हडकंप मच गया। आरोपित को पुलिस टीम सबसे पहले देहलीगेट थाने लाई थी। इसके बाद चार अन्य आरोपितों के साथ उसे सदर बाजार थाने की हवालात में रखा गया था। उसके बाद उसके साथ रखे गए तीन आरोपितों को दूसरे थानों में रखा गया। कोरोना पॉजिटिव के साथ भी एक आरोपित चौबीस घंटे हवालात में रहा था। मंगलवार को एसपी सिटी अखिलेश नारायण की जांच में सामने आया कि देहलीगेट के एक दारोगा और दो सिपाही आरोपित को सदर बाजार थाने की हवालात में छोड़ गए थे। सदर बाजार थाने के एक दारोगा ने आरोपित से पूछताछ की थी। थाने के स्वीपर ने हवालात भी साफ की थी। पुलिस ने दोनों दारोगा, दोनों सिपाही और स्वीपर को क्वारंटाइन कर दिया है। पुलिस इन सभी लोगों की जांच कराएगी।



 


सैनिटाइजर से दो बार धोए दोनों थाने : सोमवार को सैनिटाइजर किए जाने के बाद मंगलवार को भी सदर बाजार और देहलीगेट थाना साफ किया गया। हवालात से लेकर कार्यालय, एसओ तथा एसआइ का ऑफिस भी तक धोया गया। वायरलैस सेट तथा थाने की कुर्सी और मेज भी सैनिटाइजर करा दी गई है। इसके बावजूद पुलिसकर्मी सहमे हुए हैं।


कोरोना पॉजिटिव समेत सभी आरोपित आइसोलेट


कोरोना पॉजिटिव आरोपित और एक जमाती को पुलिस ने बागपत में आइसोलेट किया है। उसके अन्य साथियों को सुभारती विवि में कवारंटाइन कर दिया। पुलिस ने निर्णय लिया है कि गिरफ्तार किए किसी भी आरोपित को अभी जेल नहीं भेजा जाएगा। आशंका है कि आरोपित जेल में भी संक्रमण फैला सकते है। फिलहाल उन्हें 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन में भेजा गया है। सभी की निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद ही आरोपितों को जेल भेजा जाएगा। ऑफिस में नहीं बैठ रहे सिपाही :


सदर बाजार और देहलीगेट थाने में दहशत बनी हुई है। हवालात ही नहीं सिपाही ऑफिस में भी बैठने से बच रहे हैं। इतना ही नहीं पुलिसकर्मी रिकॉर्ड छूने से भी डर रहे हैं। मंगलवार को थाना कार्यालय से बाहर निकलकर पुलिसकर्मी खुद भी सैनिटाइजर से हाथ साफ करते दिखे। ज्यादातर सिपाही अपने डयूटी प्वाइंट से ही घर लौट रहे हैं। मुंशी को फोन पर ही आमद दर्ज कराई जा रही है।


प्रथम जांच में दो दारोगा, दो सिपाही और एक स्वीपर को क्वारंटाइन किया गया है। थानों को लगातार सैनिटाइज किया जा रहा है। पुलिसकर्मियों को शारीरिक दूरियां रखने आदेश दिए गए हैं। ज्यादातर पुलिसकर्मी अलग-अलग बाइक पर चलेंगे। पुलिसकर्मियों को अपने परिवार से दूर रहने की सलाह भी दी गई है। उसके बाद भी पुलिसकर्मियों में कोई लक्षण दिखते हैं तो उन्हें क्वारंटाइन किया जाएगा।


-अजय साहनी, एसएसपी